हरियाणा टास्क फोर्स के वाइस चेयरमैन ने स्वच्छता व्यवस्था बारे समीक्षा बैठक की।

Admin
By Admin
26 Views

Folow Us

गुरुग्राम, संवाददाता : स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), हरियाणा के स्टेट लेवल टास्क फोर्स के वाइस चेयरमैन प्रमोद कौशिक ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, गुरुग्राम में अधिकारियों के साथ स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में जिले में अब तक किए गए कार्यों, उनकी धरातल पर स्थिति तथा आगे किए जाने वाले कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा प्रसंस्करण, लीगेसी वेस्ट, स्वीपिंग व्यवस्था और शहर में दिखाई देने वाली स्वच्छता की स्थिति की समीक्षा की गई।

प्रमोद कौशिक ने कहा कि गुरुग्राम देश की राजधानी दिल्ली से सटा हुआ महत्वपूर्ण शहर है और अपनी आधुनिक पहचान के साथ देश-विदेश में विशेष पहचान रखता है। यहां होने वाले सकारात्मक बदलावों और विकास कार्यों का प्रभाव व्यापक स्तर पर दिखाई देता है। ऐसे में गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं और नागरिकों को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को अपने-अपने स्तर पर व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। इसके बाद घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था को और व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जाएगा।

वाइस चेयरमैन ने कहा कि पिछले वर्षों में गुरुग्राम की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए गए हैं। इस बार सामान्य से अधिक बारिश होने के बावजूद किए गए प्रबंधों के चलते बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति को कुछ ही घंटों में नियंत्रित कर पानी की निकासी सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में जल निकासी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में अधिक बारिश के दौरान भी पानी की निकासी प्रभावी तरीके से और कम समय में सुनिश्चित की जा सके। श्री कौशिक कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए धरातल पर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से शहर में कई क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। आगे भी शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में आरडब्ल्यूए, एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं और निजी संस्थानों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

गुरुग्राम में कार्यरत सामाजिक संस्थाओं और निजी संस्थानों को साथ जोड़कर पार्कों, सार्वजनिक स्थानों और शहर के अन्य क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नई पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। लोगों की सोच और व्यवहार में बदलाव के साथ ही स्वच्छता को स्थायी रूप से मजबूत किया जा सकता है। प्रमोद कौशिक ने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनभागीदारी को बढ़ाते हुए नागरिकों, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संस्थाओं को स्वच्छता अभियानों से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से गुरुग्राम को और स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। बैठक में संयुक्त आयुक्त प्रीतपाल सिंह, संयुक्त आयुक्त कुशल कटारिया, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश, संयुक्त आयुक्त रविंद्र मलिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article

और पढ़ें

योगेंद्र यादव व प्रशांत भूषण पर गरजे नवीन जयहिंद,दोनों सेटिंग बच्भीटिंगबाज।

रोहतक, संवाददाता : जयहिंद सेना प्रमुख नवीन जयहिंद ने आम आदमी पार्टी…

मुख्यमंत्री आश्वासन के बाद भी गाड़े लुहार( घुमंतू जाति) के परिवारों पर बेघर का संकट : जयहिंद

रोहतक, सतीश भारद्वाज : गाड़े लाहौर और घुमंतू जाति के लोगों के…

गुरुग्राम में सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित।

गुरुग्राम, संवाददाता : सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुग्राम जिले के विभिन्न…