गुरुग्राम, सवाददाता : ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत मानेसर के सेक्टर-1 में आयोजित रक्तदान शिविर का विधायक बिमला चौधरी एवं विधायक तेजपाल तंवर ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। मानेसर के सेक्टर एक में आयोजित शिविर में 95 रक्तदाताओं ने रक्त दान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए अपना योगदान दिया।विधायक बिमला चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन में देशसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प’ अभियान समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से हम जरूरतमंद लोगों की मदद करने के साथ समाज में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देते हैं।
विधायक तेजपाल तंवर ने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, ऐसे में रक्तदान शिविर समाज की सामूहिक जिम्मेदारी को पूरा करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह योगदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
इस अवसर पर मानेसर नगर निगम की मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव, चेयरमैन सुभाष बंसल, भाजपा गुरुग्राम महानगर अध्यक्ष अजीत यादव, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष पवन यादव, जिला प्रभारी राजकुमार वोरा, सीएमओ डॉ लोकवीर, डिप्टी सीएमओ डॉ रश्मि बत्रा, मानेसर यूपीएचसी से डॉ प्रवीण तथा डॉ संदीप सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
