गुरुग्राम, संवाददाता: निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को हड़कंप मच गया। नगर निगम की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह करीब 11:38 बजे धमकी भरा ईमेल पहुंचा। इसमें दोपहर 1:11 बजे कार्यालय में आईईडी विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही नगर निगम परिसर को खाली कराया गया और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था अपने हाथ में ले ली।धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा। टीमों ने नगर निगम भवन की अलग-अलग मंजिलों, कार्यालय कक्षों, पार्किंग और परिसर के अन्य हिस्सों की गहन जांच की। कर्मचारियों और अधिकारियों को जांच पूरी होने तक परिसर से बाहर रखा गया।
पंजाब समेत कई जगहों को निशाना बनाने का दावाधमकी भरे ईमेल में नगर निगम कार्यालय के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, क्रिकेट स्टेडियम और पंजाब के कुछ पुलिस थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में खुद को खालिस्तानी नेशनल आर्मी से जुड़े लोगों द्वारा भेजा गया बताया गया है। इसमें कुछ नामों का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री के खिलाफ हमले की धमकी के साथ अलग-अलग तारीखों का जिक्र किया गया है। इसके अलावा 700 किसानों की मौत का बदला भाजपा से लेने और पंजाब में कथित पुलिस मुठभेड़ों का बदला लेने जैसी बातें भी लिखी गई हैं। लावारिस आईफोन को लेकर भी चेतावनी धमकी देने वालों ने 13 सितंबर तक क्रिकेट आयोजन वाले स्थानों से दूर रहने की चेतावनी भी दी है। ईमेल में किसी लावारिस आईफोन को हाथ नहीं लगाने की बात कही गई और उससे विस्फोट होने की आशंका जताई गई। इसके अलावा अमृतसर क्षेत्र के एक पुलिस स्टेशन और उत्तर प्रदेश के डीजीपी यादव तथा उनके रिश्तेदारों को लेकर भी धमकी दी गई है।अभी तक नहीं मिली संदिग्ध वस्तुपुलिस अधिकारियों के मुताबिक नगर निगम कार्यालय की तलाशी के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की दोबारा जांच कराई जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां धमकी को हल्के में लेने के बजाय हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।पुलिस की साइबर टीम धमकी भरा ईमेल भेजने वाले स्रोत की तकनीकी जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि ईमेल फर्जी या किसी की शरारत भी हो सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। घटना के बाद संबंधित सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस इकाइयों को भी सतर्क कर दिया गया है।
