गुरुग्राम, संवाददाता: अयोध्या के श्रीराम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर मंगलवार को गुरुग्राम में कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन तेज कर दिया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के जिला कार्यालय गुरुकमल के बाहर प्रदर्शन किया और विरोध के प्रतीक के रूप में सामूहिक सुंदरकांड का पाठ किया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई।


पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव एवं जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए धार्मिक आस्था और पारदर्शिता के मुद्दे को एक साथ जोडऩे का प्रयास किया। सुंदरकांड के पाठ को विरोध का माध्यम बनाकर पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वह इस मुद्दे को केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि जनभावनाओं और जवाबदेही से जुड़ा विषय मानती है। कांग्रेस कार्यकर्ता पहले भाजपा के जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सुंदरकांड का पाठ करने का प्रयास किया लेकिन गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर विरोध जताया गया। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।*हिरासत को लेकर कांग्रेस का हमला*प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जिला कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष वर्धन यादव, पंकज डावर और कई अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक विरोध को दबाने की कार्रवाई बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया गया।जिला कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष वर्धन यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितताओं पर उठ रहे सवालों से बचने का प्रयास कर रही है। उनका दावा था कि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के प्रति आस्था रखने वाले लोगों की भावनाओं से जुड़े मुद्दे को उठाया है, लेकिन सरकार विरोध की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था के केंद्र हैं। इसलिए राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे का पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने चंदे में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच की भी मांग की। वहीं शहरी जिलाध्यक्ष ने मौके पर कहा कि हम सुंदरकांड पाठ करने गए थे। इसमें गलत क्या था। लेकिन भाजपा सरकार पुलिस का दुरुपयोग कर हमारी आवाज दबाना चाहती है। भाजपा राम पर कब्जा नहीं जमा सकती। भगवान राम सबके हैं। यह भाजपा को समझ जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर सबकी आस्था है। भाजपा ने चंदे के नाम पर जनता से धोखा किया है। हम सच सामने लाने के लिए सडक़ पर उतरे हैं।
पंकज डावर ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने राम मंदिर को अपनी प्रॉपर्टी बना लिया है। चंदे के नाम पर करोड़ों का घोटाला हुआ है। हम मांग करते हैं कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में इसकी जांच हो। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस नेत्री सुनीता सहरावत, सुनीता वर्मा, शैलजा भाटिया, सुनीता वर्मा, पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज, अनिल धानक, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील यादव, शैलेश खटाना, अमित कोचर, सुखबीर तंवर, मनीष खटाना, रविन्द्र तंवर, राहुल जैलदार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
