गुरुग्राम, सवाददाता : जिला गुरुग्राम करप्शन फ्री इंडिया संगठन एवं सोहना टीम द्वारा क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने हेतु सरकार एवं प्रशासन के समक्ष 12 प्रमुख मांगें रखी गई हैं। संगठन ने कहा कि लंबे समय से लंबित जनहित की योजनाओं को शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।संगठन की प्रमुख मांगों में सोहना गर्ल कॉलेज की स्थापना, ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम को खेल विभाग में शामिल करना, नहरों के दोनों ओर पक्की सड़क निर्माण, 100 बेड अस्पताल भवन निर्माण, आधुनिक पशु चिकित्सालय एवं दमकल केन्द्र की स्थापना, सोहना सब डिपो की घोषणा को पूरा करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों की मरम्मत एवं बाउंड्री वॉल निर्माण शामिल हैं।
संगठन ने मांग की है कि फव्वारा चौक स्थित पुरानी तहसील वाली जगह को सोहना गर्ल्स विद्यालय परिसर में शामिल किया जाए, जहां लगभग 3000 छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। साथ ही राजीव गांधी पार्क में बच्चों के टूटे हुए झूलों को बदलकर नए झूले लगाए जाने की मांग भी उठाई गई है।करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने सोहना नागरिक अस्पताल में अधूरे पड़े सेफ्टी फायर ब्रिगेड पाइपलाइन कार्य को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। संगठन का आरोप है कि लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद पिछले लगभग 10 महीनों से कार्य अधूरा पड़ा है। संगठन ने इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की है।इसके अतिरिक्त दोहला से हरचंदपुर तक जर्जर सड़क की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि सड़क में गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, इसलिए सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य तुरंत कराया जाए।करप्शन फ्री इंडिया संगठन, हरियाणा प्रदेश जिला गुरुग्राम का कहना है कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए इन मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य होना अत्यंत आवश्यक है। संगठन ने सरकार एवं प्रशासन से जनहित में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
