गुरुग्राम, संवाददाता: हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्यिक मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सभी तैयारियां 15 जून से पहले पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तय समय सीमा के भीतर सभी विभाग आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें, ताकि बारिश के मौसम में शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंत्री ने यह भी बताया कि 15 जून के आसपास दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें तैयारियों की प्रगति का आकलन किया जाएगा।
मंत्री ने ये निर्देश सोमवार को गुरुग्राम स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान दिए। बैठक में शहरी विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) डीएस ढ़ेसी, जीएमडीए सीईओ पीसी मीणा, नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, मानेसर निगमायुक्त प्रदीप सिंह, गुरुग्राम अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट, अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका सहित एनएचएआई, एचएसआइआइडीसी, जीएमडीए, एमसीजी, एमसीएम सहित पुलिस विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे। कैबिनेट मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि बेहतर तालमेल ही जलभराव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित कर सकता है।
*जीएमडीए अधिकारियों ने जलभराव की समस्या पर कहा काम तेज गति से चल रहा है*
बैठक में जीएमडीए अधिकारियों ने जानकारी दी कि शहर के 9 जलभराव संभावित स्थानों पर कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके अलावा करीब 160 किलोमीटर लंबी सरफेस ड्रेनों की सफाई भी जारी है। साथ ही, सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों को सडक़ से नीचा करने का कार्य किया जा रहा है, जिससे पानी का बहाव सुचारू बना रहे। नरसिंहपुर क्षेत्र में जल निकासी को बेहतर बनाने के लिए पिछले वर्ष बनाई गई कच्ची ड्रेन को पक्का किया जा रहा है। इफ्को चौक, सिग्नेचर टावर चौक, राजीव चौक और हीरो होंडा चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर ड्रेन कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है, ताकि जल निकासी में कोई बाधा न आए।
*निगम क्षेत्र में सीवरेज समस्या से जुड़े 40 स्थानों पर अधिकांश कार्य हुआं पुरा*

नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों ने बताया कि सीवरेज समस्या से जुड़े 40 स्थानों की पहचान कर वहां कार्य शुरू किया गया था, जिनमें से अधिकांश स्थानों पर काम पूरा हो चुका है। शेष स्थानों पर भी मानसून से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा मास्टर ड्रेन से जुड़े क्षेत्रों में भी कनेक्टिविटी सुधारने के लिए कार्य किया जा रहा है। शहर के विभिन्न पार्कों में स्थापित माइक्रो एसटीपी पूरी तरह से संचालित हो रहे हैं। इस पर मंत्री ने इनके नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि राजेंद्र पार्क क्षेत्र की दशकों पुरानी सीवरेज समस्या का स्थायी समाधान अंतिम चरण में है, जिसे अप्रैल माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही, शहर के 142 पार्कों में ट्रीटेड पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की जा चुकी है और शेष स्थानों पर कार्य प्रगति पर है।उद्योग मंत्री ने नजफगढ़ ड्रेन क्षेत्र, नरसिंहपुर और राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के इलाकों में जल निकासी के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून के दौरान गुरुग्राम में जलभराव की समस्या को न्यूनतम करने के लिए सभी विभागों को समयबद्ध और समन्वित प्रयास करने होंगे, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
