गुरुग्राम, सतीश कौशिक: सेवा संकल्प अभियान के तहत पालम विहार मंडल में सरबत दा भला NGO द्वारा आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने उपस्थित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ता है। इसलिए नशे के खिलाफ जागरूकता को केवल किसी एक संस्था या संगठन तक सीमित न रखते हुए इसे जन-जन का अभियान बनाना आवश्यक है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि युवा देश की शक्ति और भविष्य हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल, रोजगार और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ेंगे तो वे स्वयं के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अभिभावकों, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों से नशे के खिलाफ निरंतर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पैदल मार्च निकाला जिसके माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का संदेश दिया गया।
श्री त्यागी ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल जागरूकता कार्यक्रमों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी से संभव है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने आसपास के युवाओं को नशे से बचाने के लिए संवाद, जागरूकता और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दें।उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल भाव समाज के प्रति सेवा, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। नशा मुक्ति के लिए जन जागरूकता भी इसी सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।इस अवसर पर पालम विहार मंडल अध्यक्ष अरुण त्यागी, पालम विहार मंडल प्रभारी एवं जिला प्रवक्ता रवि बंसल, रामनगर मंडल प्रभारी राकेश राणा, NGO के संयोजक अमरजीत सिंह सहित गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


