गुरुग्राम, संवाददाता: गुरुग्राम में वीरवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सेक्टर-56 में अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4 एकड़ सरकारी जमीन पर बनी करीब 125 झुग्गी-झोपड़ियों और टीन के कमरों को ध्वस्त कर सरकारी जमीन कब्जा मुक्त कराईं। यह कार्रवाई एचएसवीपी इओ टू के निर्देश पर की गई। वीरवार दोपहर को मौके पर सर्वे एसडीओ अमित कौशिक की निगरानी में इंफोर्समेंट टीम व पुलिस बल ने कार्यवाही को अंजाम दिया। सेक्टर-56 थाना पुलिस की मौजूदगी में यह अभियान शांतिपूर्ण ढंग से चलाया गया, ताकि क्षेत्र में किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था खराब न हो।
अधिकारियों के अनुसार, इस जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था, जहां लगभग 125 झुग्गियां और टीन के कमरे बनाकर लोग रह रहे थे। जिनको दो दिन पहले ही मुनादी कराकर कब्जाधारियों को जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में लोगों ने कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।कार्रवाई के दौरान तीन जेसीबी मशीनों की मदद से सभी अवैध निर्माणों को गिरा दिया गया। वहीं अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी ने सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में उपमंडल अभियंता योगेश मौजूद रहे। इसके अलावा विकास सैनी (जेई), रामफल (जेई), सुनील (पटवारी), सतपाल, दयानंद प्रधान, राजकुमार, राजेंद्र और रामनिवास सहित कई अन्य कर्मचारी भी कार्रवाई के दौरान उपस्थित रहे।एचएसवीपी अधिकारियों ने दोहराया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

