गुरुग्राम, सतीश कौशिक : अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन गुरुग्राम और अग्रवाल सभा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को अग्रवाल भवन, गुरुद्वारा रोड पर महाराजा अग्रसेन जयंती एवं भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। समारोह में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि तथा पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वैश्य समाज के गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया।
गरीबों के लिए चैरिटेबल अस्पताल बनाने की उठी मांग
समारोह में पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल ने गुरुग्राम में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए चैरिटेबल अस्पताल की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को बीमारी के दौरान महंगे इलाज के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने वाला अस्पताल बड़ी राहत दे सकता है।इस पर मुख्य अतिथि विपुल गोयल ने अस्पताल के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के समानता, भाईचारे और सहयोग के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके ‘एक ईंट, एक रुपया’ के सिद्धांत में सामूहिक सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश निहित है।
वैश्य समाज की डायरेक्टरी बनाने और युवाओं की भागीदारी पर जोर
मंत्री विपुल गोयल ने गुरुग्राम के विभिन्न सेक्टरों और आवासीय सोसायटियों में रहने वाले वैश्य परिवारों को जोड़ने के लिए व्यापक सामाजिक डायरेक्टरी तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे समाज के लोगों के बीच संपर्क और समन्वय बढ़ेगा तथा शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और समाजसेवा से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
अग्रवाल समाज के युवा अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए युवाओं का नेतृत्व के क्षेत्र में आगे आना जरूरी है। विपुल गोयल ने भी युवाओं को जनसेवा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के जिला अध्यक्ष डॉ. मंदीप किशोर गोयल के स्वागत संबोधन से हुआ। पार्षद आशीष गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने भी महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सामाजिक समरसता और समाज की एकता पर विचार रखे। कवि सम्मेलन में देर रात तक बंधा समांसमारोह का प्रमुख आकर्षण कवि सम्मेलन रहा, जिसमें कवि दिनेश रघुवंशी, अनिल अग्रवंशी, खुशबू शर्मा और पवन आगरी ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हास्य, व्यंग्य, देशभक्ति और सामाजिक संदेशों से सजी कविताओं पर देर रात तक तालियां गूंजती रहीं।
कार्यक्रम का मंच संचालन मीना गर्ग ने किया, जबकि गुरुग्राम व्यापार मंडल के सचिव नरेश बंसल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में सुंदर दास अग्रवाल, विजय अग्रवाल, आर.बी. सिंगला, राजेश अग्रवाल, शरद गोयल, सुभाष सिंगला, वेद प्रकाश मंगला, पी.पी. गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। महिलाओं ने भी उल्लेखनीय सहभागिता की।आयोजकों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती का उद्देश्य उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारना, जरूरतमंदों की सहायता करना और समाज की एकता को मजबूत करना है।
जिला अध्यक्ष डॉ. मंदीप किशोर गोयल ने संदेश दिया, “वैश्य एकता हमारी शक्ति, समाज सेवा हमारा संकल्प।”




