गुरुग्राम, संवाददाता: वीरवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने सेक्टर 82 स्थित सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2 एकड़ जमीन को खाली कराया। यह कार्रवाई एचएसवीपी शहरी संपदा अधिकारी-1 राकेश सैनी के निर्देशों पर की गई।
एचएसवीपी के सर्वे एसडीओ अजमेर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर 82 के गांव सिकंदरपुर की इस जमीन पर अवैध रूप से एक मंदिर, पांच टीन के कमरे और झुग्गी-झोपड़ियां बनाई गई थीं। इंफोर्समेंट टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की मदद से सभी अवैध निर्माणों को हटाया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी और भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस संबंध में एचएसवीपी के जेई आनंद प्रकाश ने बताया कि उक्त जमीन पर सड़क निर्माण कार्य रुका हुआ था, जिसे गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा बनाया जाना है। कार्रवाई के दौरान जीएमडीए के एसडीओ हेमंत सैनी भी मौके पर मौजूद रहे।
इंफोर्समेंट टीम के संजीव यादव ने बताया कि यह जमीन पहले ही विभाग द्वारा अधिग्रहित की जा चुकी है और इसका मुआवजा गांव सिकंदरपुर पंचायत को दिया जा चुका है। इसके बावजूद कुछ लोगों ने यहां अवैध कब्जा कर लिया था, जिसे अब हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगे यदि कोई दोबारा कब्जा करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।उल्लेखनीय है कि एचएसवीपी द्वारा दो दिन पहले ही मुनादी कराकर लोगों को जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इस कार्रवाई के दौरान गुरदीप पटवारी, दयानंद प्रधान, सतपाल हंस, वीरेंद्र, बलविंदर, धर्मेंद्र शर्मा सहित सर्वे टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

